Rajasthan: मेवाड़ यूनिवर्सिटी के कुलपति, रजिस्ट्रार समेत 7 पर केस दर्ज, उग्र प्रदर्शन के बाद एहतियातन अवकाश घोषित

Rajasthan: मेवाड़ यूनिवर्सिटी के कुलपति, रजिस्ट्रार समेत 7 पर केस दर्ज, उग्र प्रदर्शन के बाद एहतियातन अवकाश घोषित

चित्तौड़गढ़। मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम कोर्स की मान्यता को लेकर विवाद गहरा गया है। छात्रों की शिकायत पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन, कुलपति, रजिस्ट्रार, प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष समेत सात जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

छात्रों ने गंगरार थाने में दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 में उन्हें बीएससी नर्सिंग और जीएनएम कोर्स में प्रवेश दिया गया, जबकि इन पाठ्यक्रमों को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल (RNC) और इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से मान्यता प्राप्त नहीं थी। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय ने अखबारों में विज्ञापन जारी कर इन कोर्स को मान्यता प्राप्त बताया, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने भारी फीस जमा कर दाखिला लिया।

छात्रों के दो गुटों में हुई झड़प

मान्यता के अभाव का मुद्दा सामने आने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात उस समय बिगड़ गए जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 कश्मीरी छात्रों सहित 33 विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया। इसके विरोध में कैंपस में तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं और मेस पर ताला जड़ दिया गया। इस दौरान छात्रों के दो गुटों में झड़प भी हुई, जिसमें कुछ विद्यार्थी घायल बताए गए हैं।

विश्वविद्यालय में अवकाश घोषित

विवाद बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह स्वयं मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया और अधिकांश छात्रों को घर भेज दिया गया। पुलिस ने अब तक तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। एक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ के आरोप में, दूसरा छात्रों के बीच मारपीट को लेकर और तीसरा छात्रों की ओर से फर्जी मान्यता और धोखाधड़ी के आरोप में।

छात्रों का आरोप

छात्रों का कहना है कि 2024 में विश्वविद्यालय ने लिखित आश्वासन दिया था कि मान्यता जल्द प्राप्त कर ली जाएगी या उन्हें अन्य संस्थान में स्थानांतरित किया जाएगा, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं के मद्देनजर छात्र अपनी डिग्री और भविष्य को लेकर चिंतित हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *