सीधी जिले में पुजारी की हत्या के बाद बुधवार शाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह और युवा नेता ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री ने कुसमी पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मुलाकात के बाद ज्ञान सिंह ने इस हत्या की निंदा की। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता की मांग की और आरोप लगाया कि प्रशासनिक कामकाज में निष्पक्षता की कमी है। भ्रष्टाचार और तस्करी के आरोप कांग्रेस अध्यक्ष ने जिले की व्यवस्था पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पदों की नियुक्तियां पैसों के लेनदेन के आधार पर हो रही हैं, जिससे व्यवस्था बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि रेत, मुरुम और शराब तस्करों की लिस्ट पुलिस के पास होने के बावजूद उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, जबकि आम जनता को परेशान किया जाता है। विधानसभा में उठेगा मामला ज्ञान सिंह ने साफ कर दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे को चुपचाप नहीं बैठने देगी। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे मामले की जानकारी नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल’ को देंगे और विधानसभा सत्र के दौरान सदन में इस पर सवाल उठाकर सरकार को घेरेंगे।


