हथेली पर रगड़ा और मुंह में डाला… सदन में क्या खा रहे थे डिप्टी सीएम? विपक्ष ने शेयर किया वीडियो, कहा- खाने की निंजा टेक्निक

हथेली पर रगड़ा और मुंह में डाला… सदन में क्या खा रहे थे डिप्टी सीएम? विपक्ष ने शेयर किया वीडियो, कहा- खाने की निंजा टेक्निक

Bihar Politics: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सम्राट चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राजद और कांग्रेस ने इसे शेयर करते हुए दावा किया है कि उपमुख्यमंत्री सदन में खैनी खा रहे हैं। 

Bihar Politics: बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान कैमरों में एक ऐसी हरकत कैद हो गई, जिसने सत्ता पक्ष को बचाव की मुद्रा में और विपक्ष को हमलावर बना दिया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपनी हथेली पर कुछ रगड़ते और फिर उसे मुंह में डालते हुए दिख रहे हैं। राजद और कांग्रेस का दावा है कि उपमुख्यमंत्री सदन के अंदर ‘खैनी’ (तंबाकू) का मजा ले रहे थे।

राजद-कांग्रेस हमलावर

कांग्रेस और राजद ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर कर उपमुख्यमंत्री पर तीखे तंज कसे हैं। राजद ने वीडियो शेयर कर लिखा, “सदन में खैनी खाने की निंजा तकनीक! 80 चुटकी 90 ताल, रगड़ के… मुंह में डाल। ये हैं बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी।” वहीं, बिहार कांग्रेस ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन दिया, “बनाओ खैनी रे…।”

बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का आचरण समाज के लिए उदाहरण होता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि सदन की कार्यवाही के दौरान तंबाकू का सेवन करता है, तो यह निंदनीय है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब सरकार तंबाकू उत्पादों पर टैक्स लगाती है और जनस्वास्थ्य की बात करती है, तब जिम्मेदार पद पर बैठे लोगों को भी संयम दिखाना चाहिए।

खैनी या कुछ और?

वीडियो में सम्राट चौधरी के हाथ रगड़ने का अंदाज बिल्कुल वैसा ही है जैसा पारंपरिक रूप से बिहार में खैनी बनाने के लिए किया जाता है। हालांकि, वीडियो से यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि उनके हाथ में तंबाकू ही था या कुछ और (जैसे इलायची या माउथ फ्रेशनर)। सोशल मीडिया पर लोग इसे तंबाकू से ही जोड़कर मजे ले रहे हैं, लेकिन अंतिम स्पष्टीकरण खुद सम्राट चौधरी की ओर से आना बाकी है।

BJP-JDU का पलटवार

बीजेपी और जेडीयू ने अपने नेता का बचाव करते हुए कांग्रेस की सोच पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने कहा, “कांग्रेस का बयान उनकी हताशा का प्रमाण है। सम्राट चौधरी जनसेवा के लिए समर्पित नेता हैं। जिस पार्टी ने जंगलराज को बढ़ावा दिया, वह आज मर्यादा की बात कर रही है?”

जेडीयू प्रवक्ता अरविंद निषाद ने कहा, “कांग्रेस पार्टी जनता से कट गई है। लालू-राबड़ी शासन में तो अधिकारियों से खैनी बनवाया जाता था। आज वे सदन के मुद्दों को छोड़कर ऐसे वीडियो वायरल कर रहे हैं।”

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *