Rajasthan Rain Alert: मौसम विभाग ने आगामी दो घंटों के भीतर राजस्थान के कई जिलों के लिए नई चेतावनी जारी की है। विभाग ने मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवा और बारिश को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट घोषित किया है। कोटा संभाग के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं की रफ्तार 20 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।
यहां ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, टोंक, दौसा, करौली जिलों और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ हल्की से मध्मय बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। वहीं कोटा, झालावाड़, सवाई माधोपुर, टोंक और करौली जिलों में अलग-अगल स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यहां बारिश का येलो अलर्ट जारी
वहीं जयपुर, जयपुर शहर, भरतपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चूरू, धौलपुर, सीकर, अलवर, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़, नागौर, बीकानेर, बूंदी, बारां, श्रीगंगानगर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, हल्की बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
यह वीडियो भी देखें
बस्सी में एक की मौत
जयपुर ग्रामीण के बस्सी, चाकसू एवं जमवारामगढ़ उपखंड क्षेत्रों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। ओलों के साथ हुई बरसात ने जहां किसानों की चिंता बढ़ा दी, वहीं बस्सी के बड़वा गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति झुलस गया। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।


