कासगंज पुलिस ने भतीजे नीरज की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी चाचा लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 18 नवंबर 2025 को जियाउद्दीनपुर गांव में नीरज की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने लक्ष्मण को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। यह घटना कासगंज कोतवाली क्षेत्र के जियाउद्दीनपुर गांव में हुई थी, जहां 18 नवंबर 2025 की शाम करीब 4 बजे 25 वर्षीय नीरज को उसके घर के बाहर सिर में गोली मारी गई थी। इस हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक नीरज की मां प्रवेश कुमारी ने अपने पुत्र की हत्या के संबंध में चाचा लक्ष्मण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
प्रवेश कुमारी ने अपनी शिकायत में बताया था कि हत्या के पीछे जमीनी विवाद, नीरज की बहू को घर से भगाना और नीरज की दोबारा शादी न होने देना मुख्य कारण थे। सीओ सिटी आँचल चौहान के नेतृत्व में कोतवाली कासगंज की पुलिस टीम ने 18 फरवरी को छर्रा रोड ओवर ब्रिज के नीचे से फरार आरोपी लक्ष्मण को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। लक्ष्मण, मृतक नीरज के ही गांव जियाउद्दीनपुर का निवासी है। कोतवाली कासगंज के प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि मृतक नीरज की मां ने चाचा लक्ष्मण पर बहू को घर से भगाने और जमीनी विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


