बरेली में 22 फरवरी को ‘न्याय आपके द्वार’ शिविर:40 सरकारी विभाग देंगे योजनाओं की जानकारी

बरेली में जरूरतमंदों और वंचित वर्गों को सरकारी योजनाओं तथा मुफ्त विधिक सहायता का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 22 फरवरी को एक मेगा विधिक जागरूकता एवं जनहित योजना शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर शहर के जी.आई.सी. ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर के नोडल अधिकारी उमा शंकर कहार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना है। इससे पात्र लाभार्थी मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकेंगे। आयोजन स्थल पर लगभग 40 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में चिकित्सा सेवाओं की भी व्यवस्था की गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और प्राथमिक जांच का लाभ उठाया जा सकेगा। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी भी शिविर में मौजूद रहेंगी। आयोजकों के अनुसार, यह पहल निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श और सरकारी योजनाओं की तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पराविधिक स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। ये स्वयंसेवक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टर तथा पम्फलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग इस शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएंगे और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *