Diya Kumari Announcements : राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को सामान्य वाद-विवाद के जवाब व जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों के आधार पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी (वित्त) ने भरतपुर के लिए तीन बड़ी घोषणाएं की है। साथ ही डीग जिले में कामां के लिए एक घोषणा की है।
घोषणा के अनुसार मडरपुर रोड से न्यू रीको तक नवीन फोरलेन सड़क निर्माण, कंजोली लाइन पर फोरलेन ओवरब्रिज कार्य, भरतपुर से सौख तक फोरलेन सड़क निर्माण की एक करोड़ रुपए की लागत से डीपीआर बनाई जाएगी। डीग जिले के कामों में श्रीगोपाल कुंड एवं धर्मकुंड के जीर्णोद्धार व सौन्दर्यकरण के कार्य किए जाएंगे।
कंजौली ओवरब्रिज : बड़े हादसे की आशंका
ज्ञात रहे कि आमजन की सुविधा को देखते हुए करोड़ों रुपए की लागत से बने कंजौली ओवरब्रिज की हालत बहुत क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, जबकि प्रतिदिन हजारों लोग और वाहनों का आवागमन रहता है।
सरकार ने मांगी रिपोर्ट, कंजौली ओवरब्रिज की हालत बताया अधिक खराब
पिछले काफी समय से यह मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने भी उठाया जा रहा था। पिछले दिनों खुद सरकार ने जिला प्रशासन से कंजौली व रारह ओवरब्रिज को लेकर रिपोर्ट मांगी थी। इसमें कंजौली ओवरब्रिज की हालत को अधिक खराब बताया गया था। ऐसे में कंजौली ओवरब्रिज को लेकर डीपीआर की घोषणा की गई है। संभव है कि डीपीआर बनने के बाद इस वर्ष ही वित्तीय स्वीकृति मिल सकती है।
गोवर्धन जाने की राह होगी आसान
इसके अलावा मडरपुर रोड से न्यू रीको तक नवीन फोरलेन सड़क निर्माण की मांग व्यापारियों की ओर से जनप्रतिनिधियों के सामने की जाती रही है। भरतपुर से सौख तक फोरलेन सड़क निर्माण से यहां से यूपी के गोवर्धन आदि स्थानों को जाने वाले लोगों की राह आसान हो जाएगी।


