राजस्थान बजट के 6 दिन बाद दीया कुमारी का बड़ा धमाका: 238 नई घोषणाएं; फ्री चश्मे और 1 लाख महिलाओं को खास ट्रेनिंग

राजस्थान बजट के 6 दिन बाद दीया कुमारी का बड़ा धमाका: 238 नई घोषणाएं; फ्री चश्मे और 1 लाख महिलाओं को खास ट्रेनिंग

जयपुर: डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट पेश होने के छह दिन बाद मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में बजट बहस का जवाब देते हुए 238 नई घोषणाएं कीं। इनमें सबसे अधिक 133 घोषणाएं सड़कों से संबंधित हैं।

उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के 75 हजार बच्चों की नेत्र जांच कर उन्हें निशुल्क चश्मे वितरित किए जाएंगे। साथ ही एक लाख बालिकाओं और महिलाओं के लिए सेफ्टी ट्रेनिंग रिसॉर्स इनिशिएटिव योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग, साइबर फ्रॉड से बचाव और विभिन्न कानूनों की जानकारी दी जाएगी।

चार दिन चली बजट बहस के बाद करीब 50 मिनट के जवाब में उप मुख्यमंत्री ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर उठे सवालों पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस नेताओं गोविंद डोटासरा, हरीश चौधरी और रोहित बोहरा की बजट को लेकर आपत्तियों का जिक्र कर उन पर निशाना साधा।

किसानों को खेत तक पहुंचने में सरकारी भूमि के कारण आने वाली बाधा दूर करने के लिए कृषि की डीएलसी दर से दो गुना कीमत पर 20 फीट पट्टी उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके अलावा सड़क, पर्यटन, सौंदर्यीकरण, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में कई प्रावधान किए।

ये घोषणाएं भी कीं

  • जोधपुर के सूरसागर में हेमू कालानी स्मारक निर्माण, रामगढ़ विषधारी और मुकुंदरा टाइगर रिजर्व एवं चंबल घड़ियाल सेंचुरी में सफारी सुविधाओं के लिए 25 करोड़ रुपए।
  • जोजरी-बाडी नदी में आ रहे दूषित जल को बालोतरा स्थित रिफाइनरी तक पहुंचाने के लिए डीपीआर बनाने, डीएमआईसी से जुड़े नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में 1200 करोड़ के जलाशय व फीडर निर्माण के कार्य कराने की घोषणाएं भी की गई।
  • इसके अलावा विधानसभा में सोमवार को चर्चा में आई विद्याधर नगर क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज की घोषणा भी की।
  • 50 मिनट तक दिया बजट बहस का जवाब।
  • जूली, डोटासरा और अन्य कांग्रेस नेताओं पर निशाना।
  • सडक, पर्यटन, सौंदर्यन, खेल व स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा और बिजली से जुड़ी घोषणाओं पर रहा जोर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *