बिलासपुर| जिला न्यायालय के मुख्य गेट के सामने नो-पार्किंग (पीली रेखा) क्षेत्र में वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर भी लोगों द्वारा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किए जाने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। न्यायालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वकील, पक्षकार और आमजन आते-जाते हैं। ऐसे में गेट के ठीक सामने पीली लाइन के भीतर गाड़ियां खड़ी कर देने से सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार एंबुलेंस या अन्य आपातकालीन वाहनों को निकलने में भी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वाहन चालक ट्रैफिक सेंस का पालन नहीं करते, जिससे अव्यवस्था बढ़ रही है। केवल न्यायालय परिसर ही नहीं, शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी इसी तरह नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने की समस्या देखी जा रही है। नागरिकों ने यातायात पुलिस से नियमित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके। – शेखर सिंह, नेहरू नगर


