प्रयागराज के झूंसी में गंगा स्नान करते वक्त आठवीं और दसवीं कक्षा के चार छात्र गहराई में जाकर डूबने लगे। इनमें से दो को सकुशल बचा लिया गया लेकिन एक छात्र की मौत हो गई। इसके साथ ही एक छात्र लापता हो गया। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाए जाने के बाद भी उसकी कोई खबर नहीं मिली। बुधवार को एक बार फिर से नए सिरे से तलाश की जाएगी। पीपा पुल नंबर 5 के पास हुई घटना यह हादसा मंगलवार को झूंसी क्षेत्र में माघ मेला के पांच नंबर पीपा पुल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 14 से 16 साल के चार बच्चे गंगा में नहा रहे थे। नहाने के दौरान ही वह आगे बढ़ गए और इसी दौरान एक बच्चा गहराई में जाकर डूबने लगा। उसका साथी उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा तो वह भी गहराई में चला गया। यह देख उनके दो साथी भी आगे बढ़े और वह भी गहराई में चले गए। चारों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो किसी तरह दो को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि उनके दो साथी देखते ही देखते पानी में समा गए। पुलिस के साथ ही गोताखोर आए सूचना मिली तो पुलिस और फिर गोताखोर भी आ गए। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद एक बच्चे को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाहर मौजूद उनके दो साथियों ने बताया कि मृतक 15 साल का आदित्य पटेल है जो कटका झूंसी में अपने मामा के घर रहता था। वह लाला मनमोहन दास अग्रवाल इंटर कॉलेज में आठवीं कक्षा का छात्र था। जबकि लापता छात्र 16 साल का कार्तिक यादव है जो मूल रूप से फतेहगंज का रहने वाला है वह मौजूदा समय में अपनी बहन के साथ बदरा सोनौटी, झूंसी में किराए के कमरे में रहकर 10वीं की पढ़ाई कर रहा है। जबकि बाहर मौजूद दोनों छात्रों ने अपने नाम शिवम निवासी मल्लाही टोला और सत्यम निवासी कटका बताया। बुधवार को जाल डालकर रहोगी तलाश झूंसी पुलिस ने बताया कि काफी कोशिशों के बाद भी लापता छात्र का पता नहीं चल सका। अब बुधवार को जाल डलवा कर उसकी तलाश की जाएगी।


