ग्रेटर नोएडा में युवती ने सुसाइड किया:वैलेंटाइन-डे से लापता थी, पंखे से लटका मिला शव

ग्रेटर नोएडा में युवती ने सुसाइड किया:वैलेंटाइन-डे से लापता थी, पंखे से लटका मिला शव

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में 31 वर्षीय ब्यूटीशियन ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसका शव पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिणी दिनाजपुर निवासी पूजा के रूप में हुई है। वह वैलेंटाइन डे के बाद से अपने कमरे से बाहर नहीं निकली थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे डायल 112 पर पुलिस को शाहबेरी में एक कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा अंदर से बंद पाया। दरवाजा तोड़ने पर युवती का शव पंखे से लटका मिला। शव सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतका पूजा पास के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। उसके माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और वह यहां किराए के मकान में अकेली रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार, युवती 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) के बाद से दिखाई नहीं दी थी। आशंका जताई जा रही है कि उसने 14 फरवरी की रात को ही आत्महत्या कर ली होगी। कई दिनों तक दरवाजा बंद रहने और किसी की आवाजाही न होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ। दुर्गंध आने के बाद ही यह मामला सामने आया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना नोएडा में रहने वाली उसकी मौसी को दे दी गई है। परिजनों को बुलाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है, जिससे आखिरी बार हुई बातचीत का पता लगाया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *