मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट गेट पर सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बड़ी घटना होने से बच गई। यहाँ एक युवक जैसे ही अपने ऊपर डीजल डाल कर आग लगाने वाला था तभी पास खड़े जवानों ने झपट्टा मारकर माचिस की तीली छीन लिए और उसे पकड़ कर बैठा दिये। इस तरह आज बड़ा हादसा टल गया।
पारिवारिक विवाद में पुलिस ने की एकतरफा कारवाई
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे मेडिकल कालेज पहुंचाया, डॉक्टरों ने बताया कि युवक ने डीजल भी पी रखा था फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं और उसका इलाज चल रहा है। युवक की इस हरकत का कारण शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा करवाई न किया जाना है।
जानकारी के मुताबिक युवक की पत्नी पुष्पा दो दिन पहले घर के सामने कचरा फेंकने को लेकर उसकी भाभी से कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर जयराम के भाई ने उसके सिर पर मार दिया जिससे उसको चोट भी आई।
पीड़ित पर ही दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित पुष्पा ने आरोप लगाया कि उसकी जेठानी ने उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद जयराम और उसकी पत्नी कोतवाली पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय जयराम की भाभी की शिकायत पर उसी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
आहत होकर किया आत्मदाह का प्रयास
परिजनों के मुताबिक इसी से आहत होकर जयराम मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा और गेट पर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।फिलहाल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


