T20 World Cup Australia poor Performance: ऑस्ट्रेलिया को ICC T20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच बारिश में धुल जाने के बाद ज़िम्बाब्वे को ग्रुप B में शीर्ष दो में जगह मिल गई, और कंगारुओं का वर्ल्ड कप अभियान यहीं समाप्त हो गया। 2009 के बाद से यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज पार करने में नाकाम रहा है।
इस बार कंगारुओं का अभियान शुरू होने से पहले ही संकट में था, टीम के मुख्य तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस और जोश हेज़लवुड चोट के कारण टीम से बाहर थे। कप्तान मिचेल मार्श भी शुरुआती मैचों से बाहर रहे। आयरलैंड के खिलाफ 67 रन की जीत के बावजूद, ज़िम्बाब्वे के हाथों 23 रन और श्रीलंका के हाथों 8 विकेट से मिली लगातार दो हार ने ऑस्ट्रेलिया का इस वर्ल्ड कप में सफर यहीं पर खत्म कर दिया। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मार्क वॉ ने इस अभियान को “शुरू से ही बर्बाद” बताया और स्टीव स्मिथ को टीम से बाहर रखने के फैसले को “अपमानजनक” कहा।
ऑस्ट्रेलिया का T20 विश्व कप सफर
ऑस्ट्रेलिया ने 2007 से T20 विश्व कप के सभी संस्करणों में हिस्सा लिया है। 2010 में वे फाइनल तक पहुंचे लेकिन इंग्लैंड से हारे। 2007 और 2012 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। 2021 में ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार T20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। मिचेल मार्श की नाबाद 77 रन की पारी के दम पर न्यूज़ीलैंड को फाइनल में हराया। 2024 में कंगारु टीम सुपर-8 तक पहुंची लेकिन भारत और अफगानिस्तान से हार के बाद सेमीफाइनल नहीं खेल पाई। इस बार 2026 के संस्करण में टीम को में ग्रुप स्टेज से ही विदा होना पड़ा।
जब-जब प्लेऑफ से पहले हुए बाहर
- 2009 T20 विश्व कप: ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया एक भी मैच नहीं जीत सका। वेस्टइंडीज़ और श्रीलंका से दोनों मैच गंवाए।
- 2014 T20 विश्व कप: सुपर-10 में ऑस्ट्रेलिया ने केवल बांग्लादेश के खिलाफ एक जीत दर्ज की। वे नॉकआउट दौर तक नहीं पहुंच सके। एरोन फिंच टीम के शीर्ष रन स्कोरर रहे।
- 2016 T20 विश्व कप: सुपर-10 में न्यूज़ीलैंड से हार के बाद टीम दो मैच जीती, लेकिन भारत से हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
- 2022 T20 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया की मेज़बानी में खेले गए इस विश्व कप में न्यूज़ीलैंड से बड़ी हार से अभियान की शुरुआत हुई। एक मैच बारिश से धुला और नेट रन रेट के चलते सेमीफाइनल में जगह नहीं मिली।
- 2026 T20 विश्व कप: चोटों, खराब चयन और तैयारी की कमी के चलते ग्रुप स्टेज में ही बाहर।17 साल बाद यह कंगारुओं की सबसे बड़ी विफलता है।


