प्रयागराज के बहरिया क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बड़ा हादसा कर दिया। सरायगनी–धमौर ईदगाह मोड़ के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार 17 वर्षीय छात्रा को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह 12वीं की छात्रा थी और एक दिन बाद से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के लिए अपना परीक्षा केंद्र देखने जा रही थी। हादसे में बाइक चला रहा उसका फुफेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करायागया है। 1.5 किलोमीटर दूर था सेंटर
मृतक छात्रा की पहचान वैष्णवी (17) पुत्री शैलेंद्र कुमार मौर्य, निवासी सरायगनी के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। वैष्णवी अपने फुफेरे भाई प्रताप के साथ करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित मां कौशल्या देवी इंटर कॉलेज जा रही थी, जहां उसका परीक्षा केंद्र पड़ा था। बाइक प्रताप चला रहा था और वैष्णवी पीछे बैठी थी। पीछे से मारी टक्कर
ग्रामीणों के मुताबिक, जैसे ही वे सरायगनी ईदगाह मार्ग के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रताप दूर जा गिरा, जबकि वैष्णवी सड़क के बीचोंबीच गिर गई। इसके बाद ट्रक उसे रौंदते हुए निकल गया। उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चालक ट्रक लेकर फरार हो चुका था। बड़ी संख्या में जुट गए ग्रामीण
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए। पुलिस ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भिजवा दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में बेहद आक्रोश भी दिखा। उनका कहना था कि संबंधित मार्ग पर किसी तरह का ब्रेकर ना होने की वजह से ट्रक चालक यहां बेकाबू रफ्तार से अपने वाहन दौड़ाते हैं। इससे आए दिन हादसे होते हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। आईएएस अफसर बनना चाहती थी
वैष्णवी दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता शैलेंद्र कुमार मौर्य गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। परिजनों के अनुसार, वह आईएएस अधिकारी बनना चाहती थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं और वह पढ़ाई में बेहद होनहार थी। इस हादसे ने परिवार की सभी उम्मीदों को तोड़ दिया। बहरिया थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।


