भदोही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंगलवार को लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया गया। ये कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर मनरेगा बचाव संग्राम के तहत उत्तर प्रदेश विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। विधानसभा की ओर बढ़ते हुए कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वसीम अंसारी समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को निजी मुचलके पर एक गार्डन से रिहा कर दिया गया।
यह उल्लेखनीय है कि आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की पुलिस एक दिन पहले से ही विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर रही थी। इसके बावजूद, वसीम अंसारी के नेतृत्व में भदोही के कार्यकर्ता प्रशासन को चकमा देकर लखनऊ पहुंचे और प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया, जिसमें कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं। इसके बावजूद, कार्यकर्ताओं ने मनरेगा मजदूरों के अधिकारों की आवाज बुलंद की। इस घेराव में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। भदोही से गिरफ्तार होने वालों में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ‘राजन’, प्रदेश सचिव राकेश मौर्य, त्रिलोकी नाथ बिंद, सुबुकतगीन अंसारी, सुरेश चौहान, राकेश पाल, शक्ति मिश्रा, सरफराज अहमद, शिवपूजन मिश्रा, नितिन सिंह, रमाशंकर बिंद, विष्णु जी उपाध्याय और मकोई लाल बिंद सहित कई अन्य कार्यकर्ता प्रमुख थे। प्रदर्शन स्थल पर राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, विधायक दल की नेता श्रीमती आराधना मिश्रा और विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि मनरेगा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तारी और दमन से आंदोलन की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।


