आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के एंथम में रहने वाले कथित सपा नेता दामा यादव द्वारा सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी की रील डाली गई। रील में पुलिस और थाने को खरीदने वाला गाना लगाया गया। रील वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर दामा यादव इंस्टाग्राम हैंडल से कुछ रील अपलोड हुई। इन रील में एक युवक तेज रफ्तार में चलती कार पर स्टंट करता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा एक रील में फिल्म का डायलॉग लगाया है। इस डायलॉग में कहते दिख रहा है कि हिंदुस्तान में पैसे की कीमत घट गई होगी। मगर, पैसे वालों की कीमत नहीं घटी है। 1000 रुपए में हवलदार, 10 हजार में इंस्पेक्टर और एक लाख रुपए में पूरा पुलिस स्टेशन खरीदने वाला सौदागर हूं। युवक चलती कार पर बाहर खडे़ होकर स्टंट कर रहा है।
डीसीपी ने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ जगदीशपुरा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी स्टंटबाजी के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। इस बार उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।


