Mau News: बीएलओ की मौत, 7 मार्च को थी बेटी की शादी, सगाई के एक दिन पहले हुई मौत

Mau News: बीएलओ की मौत, 7 मार्च को थी बेटी की शादी, सगाई के एक दिन पहले हुई मौत

Mau: मधुबन क्षेत्र के कुंवरपुरवा गांव में बीएलओ के रूप में कार्यरत आशा देवी के आकस्मिक निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी राजेश कुमार अग्रवाल उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल स्वजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि आशा देवी के पति का निधन लगभग दो वर्ष पूर्व हो चुका था। इसके बाद से वह स्वयं मेहनत कर अपनी दो बेटियों का पालन-पोषण कर रही थीं। बड़ी बेटी अंशु प्रिया का विवाह आगामी 7 मार्च को प्रस्तावित था, जबकि 21 फरवरी को सगाई समारोह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार में शादी की खुशियों का माहौल था।
रविवार को वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियों के बीच आशा देवी को मेहंदी लगाने के कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक व्याप्त हो गया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए शासन की ओर से मिलने वाली सभी संभावित सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कराने के निर्देश भी दिए, ताकि पीड़ित परिवार को समय पर मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *