अबोहर के गांव राजपुरा में एक व्यक्ति पर कापे से हमला कर 30 हजार रुपये लूट लिए गए। यह घटना आज दोपहर हुई। घायल व्यक्ति को उसके भाई ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। उपचार करा रहे करीब 30 वर्षीय रवि कुमार पुत्र लखमी चंद ने बताया कि वह अपनी बाइक पर सादुलशहर जा रहा था, जहां उसे बाइक का सामान खरीदना था। उसके पास 30 हजार रुपये नकद थे। आरोपी ने हमला कर रुपये छीन लिए वारदात के बारे जो घायल ने बताया- पहले रोका फिर हमला किया रवि के अनुसार,राजपुरा बैरियर के पास उसके ही गांव के एक परिचित युवक ने उसे रोका। बातचीत के दौरान युवक ने उस पर कापे (धारदार हथियार) से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। हमलावर उसके पास मौजूद 30 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गया। पुलिस को दी सूचना लेकिन सुनवाई नहीं की घायल अवस्था में रवि कुमार ने राजपुरा बैरियर पर मौजूद पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उसने अपने भाई सूरज कुमार को सूचना दी, जिसने उसे अस्पताल पहुंचाया। सिर में आठ टांके लगे हैं डॉक्टरों के अनुसार, रवि कुमार के सिर पर गहरी चोट आई है, जिसमें 8 टांके लगे हैं। डॉक्टरों ने घटना की एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) थाना बहाववाला पुलिस को भेज दी है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक एमएलआर प्राप्त नहीं हुई है। एमएलआर मिलते ही घायल के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी जाएगी।


