मुंबई में राइटर सलीम खान को मंगलवार को हेल्थ रिलेटेड केयर के लिए लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनके बेटे और एक्टर सलमान खान हॉस्पिटल में उनसे मिलने पहुंचे। हालांकि, सलीम खान की सेहत को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है।
बता दें कि सलीम खान का जन्म 24 नवंबर 1935 को हुआ था और वह हाल ही में 90 साल के हुए हैं। वह हिंदी सिनेमा के चर्चित पटकथा लेखकों में गिने जाते हैं। सलीम खान ने अपने करियर की शुरुआत एक्टिंग से की थी। 1960 के दशक में फिल्म बारात से करियर शुरू हुआ, लेकिन फिल्मों में उन्हें सीमित और छोटे किरदार ही मिले। लगभग दो दर्जन फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि एक्टिंग उनकी वास्तविक ताकत नहीं है। इसके बाद उन्होंने लेखन की ओर रुख किया और पटकथा लेखन में कदम रखा।
जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ‘सलीम-जावेद’ के नाम से प्रसिद्ध हुई। इस जोड़ी ने जंजीर, दीवार, शोले, डॉन, सीता और गीता जैसी कई सुपरहिट और कल्ट क्लासिक फिल्में दीं। उनकी कहानियों और संवादों ने हिंदी सिनेमा की दिशा बदल दी और लेखकों को नई पहचान व सम्मान दिलाया। सलीम-जावेद भारतीय सिनेमा के पहले लेखक माने जाते हैं, जिन्हें ‘स्टार स्टेटस’ मिला। उन्होंने अमिताभ बच्चन के ‘एंग्री यंग मैन’ इमेज को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। पर्सनल लाइफ की बात करें तो सलीम खान ने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी 18 नवंबर 1964 को सलमा खान (पूर्व नाम सुषिला चरक) से हुई, जो हिंदू परिवार से संबंध रखती हैं। इस विवाह से उनके चार बच्चे सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान हुए। बाद में 1981 में सलीम खान ने एक्ट्रेस हेलेन रिचर्डसन से शादी की। कुछ सालों बाद सलीम खान और हेलेन ने अर्पिता को गोद लिया। उनके बड़े बेटे सलमान खान हिंदी सिनेमा के सबसे टॉप एक्टर्स में गिने जाते हैं, जबकि अरबाज और सोहेल भी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनकी बेटी अलवीरा की शादी अतुल अग्निहोत्री से हुई है, वहीं अर्पिता की शादी आयुष शर्मा से हुई।


