भारत से शर्मनाक हार के बाद बौखलाया पाकिस्तान! कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को सरेआम लताड़ा। अब बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को टीम से ड्रॉप किया जा सकता है। पढ़ें पूरी इनसाइड स्टोरी …
T20 World Cup 2026, IND vs PAK, Pakistan’s Dressing Room Drama: भारत के खिलाफ मिली 61 रनों की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कोहराम मच गया है। सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने जिस तरह से पाकिस्तान को धोया, वह इस फॉर्मेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। मैच के बाद ड्रेसिंग रूम का नजारा देखने लायक था।
कोच माइक हेसन ने लगाई क्लास
रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों पर बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में टीम को लताड़ा और कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता के आसपास भी खेल नहीं दिखाया। भारत जैसी टीम के सामने इस तरह का सरेंडर कोच को बिल्कुल रास नहीं आया।
बाबर और शाहीन होंगे ड्रॉप
मैनेजमेंट के थिंक टैंक ने देर रात एक बड़ा और कड़ा फैसला लिया है। अब पानी सिर के ऊपर जा चुका है, इसलिए बाबर आजम और शाहीन अफरीदी को अगले मैच में बाहर (बेंच पर) बिठाने की तैयारी है। उनकी जगह फखर जमान और सलमान मिर्जा या नसीम शाह को बुधवार को नामीबिया के खिलाफ मौका दिया जाएगा।
टीम मैनेजर को लताड़ते नकवी
मैच के दौरान पाकिस्तान बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में मौजूद थे। लेकिन जैसे ही उन्होंने देखा कि टीम इंडिया बुरी तरह हावी हो रही है और पाकिस्तान हार की कगार पर है, वे गुस्से में मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चले गए। उन्होंने टीम मैनेजर नवेद अकरम चीमा को सख्त संदेश भिजवाया है कि ऐसे बड़े मैचों में इतना घटिया प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुपर-8 की राह होगी मुश्किल
पाकिस्तान ने अमेरिका और नीदरलैंड्स को तो हरा दिया था, लेकिन भारत से मिली इस करारी हार ने उन्हें हिला दिया है। अब नामीबिया के खिलाफ मैच उनके लिए करो या मरो जैसा है। अगर वहां भी कोई चूक हुई, तो पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
Sports – Patrika | CMS


