PM आवास के नाम पर बुजुर्ग महिला से ठगी:10 हजार और जेवर उतरवाए; मंदिर जा रही थी वृद्धा, 7 दिन बाद दर्ज हुई FIR

दतिया के बड़ौनी थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास दिलाने का झांसा देकर एक युवक ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 10 हजार रुपए नकद और सोने के जेवर ठग लिए। ठगी की यह घटना 10 फरवरी की है, लेकिन पीड़िता ने मंगलवार को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी युवक महिला को अपनी बाइक पर बैठाकर दतिया ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। कुरथरा निवासी लल्लाबेटी अहिरवार (पत्नी जगन्नाथ अहिरवार) ने बताया कि 10 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे वह गांव की ही भगवती अहिरवार के साथ बड़ौनी माता मंदिर जल चढ़ाने जा रही थीं। गांव के अस्पताल के पास एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आया और दोनों को अपनी बाइक पर बैठा लिया। फोटो दिखाकर बोला- आवास स्वीकृत हो गया आगे चलते ही युवक ने खुद को जानकार बताते हुए कहा कि लल्लाबेटी का प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है और उसके पास फोटो भी है। युवक ने भरोसा दिलाकर दोनों को सोनागिर रोड होते हुए दतिया ले गया। वहां उसने आवास दिलाने के नाम पर महिला से 10 हजार रुपए निकलवा लिए। पैसे नहीं बचे तो जेवर उतरवाए इसके बाद आरोपी महिला को अस्पताल के पास ठंडी सड़क पर लाया और और पैसे मांगने लगा। जब महिला ने पैसे न होने की बात कही, तो उसने कान के फूल और मंगलसूत्र उतरवा लिए। इसके बाद वह बुजुर्ग महिला को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। नाती के साथ पहुंचकर कराई FIR घटना के बाद पीड़िता ने अपने नाती के साथ मंगलवार को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। टीआई दिनेश राजपूत का कहना है कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *