धौलपुर में जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों का 2 दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में शुरू हुआ। इस चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य 1 मई से 15 मई तक और 16 मई से 14 जून तक किया जाएगा। यह प्रशिक्षण इन कार्यों के सफल और त्रुटिरहित निष्पादन के लिए आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण की अध्यक्षता जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. ने की। जनगणना कार्य निदेशालय से नियुक्त राज्य स्तरीय प्रशिक्षक विजय गर्ग और हिमांशु गोयल ने चार्ज अधिकारियों को बताया कि जनगणना के पूरे कार्य का प्रबंधन और निगरानी सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से होगी। सैटेलाइट इमेजरी के आधार पर ब्लॉकों का सीमा निर्धारण एचएलबीसी पोर्टल से किया जाएगा। आंकड़ों के संग्रहण और जांच के लिए डिजिटल ऐप का उपयोग होगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम हरिराम मीना, एसडीएम धौलपुर कर्मवीर सिंह, उपजिला जनगणना अधिकारी एवं उपनिदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग राजेश कुमार उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिला जनगणना सेल के समस्त कार्मिक और चार्ज स्तर (तहसील, नगर परिषद, नगरपालिका) के प्रशिक्षणार्थी भी मौजूद थे।


