Jhalawar: ससुराल वालों ने जंजीरों से बांधकर दामाद की कर दी पिटाई? अवसाद में युवक ने किया सुसाइड, मौत के बाद मच गया बवाल

Jhalawar: ससुराल वालों ने जंजीरों से बांधकर दामाद की कर दी पिटाई? अवसाद में युवक ने किया सुसाइड, मौत के बाद मच गया बवाल

Married Youth Committed Suicide: झालरापाटन के सदर थाना क्षेत्र के गांव गादिया झटकाल निवासी युवक ने रविवार रात कीटनाशक खाकर जान दे दी। उसके बाद सोमवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने कनवाड़ा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाकर 20 मिनट बाद जाम हटावाया।

पुलिस ने बताया कि गांव गादिया झटकाल निवासी युवक मनोहर लाल 35, रविवार दोपहर को लहसुन की फसल के लिए कीटनाशक खरीदने झालरापाटन आया था। वह गोमती सागर तालाब के पास स्थित ब्रिज के यहां पहुंचा और उसने कीटनाशक खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।

jhalawar suicide
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम (फोटो: पत्रिका)

इस पर झालरापाटन में रहने वाला उसका रिश्तेदार राकेश उसे अस्पताल ले गया, जहां रात 8 बजे उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मनोहरलाल के साथ मारपीट कर प्रताड़ित किया था, जिसके कारण वह अवसाद में था, इसी को लेकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों ने इस संबंध में पूर्व में सदर थाना में मामला भी दर्ज कराया था।

मृतक के भाई फूलचंद ने बताया कि 11 फरवरी की शाम मनोहर ने शराब के नशे में पत्नी रचना और सास भूली भाई से मारपीट की थी। परिजन दोनों को एसआरजी झालावाड़ ले गए। इसी बीच रचना के पीहर और ननिहाल पक्ष के पांच लोग कार से गांव गादिया झटकाल पहुंचे। जहां से वह मनोहर को पुलिस के हवाले करने का बहाना बनाकर रचना के ननिहाल गांव गुणदी ले गए और वहां उससे जमकर मारपीट की।

12 फरवरी की सुबह मनोहर के पिता किशनलाल और जीजा प्रहलाद उसे छुड़ाने के लिए गुणदी गए, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। जीजा प्रह्लाद ने बताया कि ससुराल वालों ने मनोहरलाल को जंजीरों से बांध रखा था और मारपीट कर रहे थे। इसके बाद ससुराल वाले मनोहर को सदर थाने ले गए और गिरफ्तार करवा दिया।

13 फरवरी को परिजनों ने मनोहर की जमानत करवाई और उसे घर लेकर आए। तब से ही वह अवसाद में था। परिजनों ने रचना के पीहर और ननिहाल पक्ष के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

20 मिनट तक चक्का जाम किया

मनोहर धाकड़ की मौत को लेकर गांव गादिया झटकाल के ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर 12 बजे भवानीमंडी मार्ग पर कनवाडा तिराहे पर चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि मनोहर ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से दुखी होकर आत्महत्या की।

इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के मुआवजे की मांग की। सूचना मिलने पर शहर थाना, सदर थाना और भवानीमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोपहर 12:20 बजे समझाकर जाम खुलवाया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *