देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में शिवरात्रि के दिन एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक प्रदीप राय की मौत हो गई। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई थी। इस दुर्घटना में उनके साथ मौजूद दूसरा युवक अभय प्रसाद सुरक्षित है। यह घटना शाम करीब 5 बजे बासोपट्टी टोला लाल छापर के पास हुई, जब प्रदीप राय (पुत्र छोटेलाल राजभर) श्रीरामपुर से अपने घर लौट रहे थे। उनकी बाइक ठाकुरपुर मुर्गिया टोला के पास मुख्य मार्ग प्रतापपुर भवानी छापर के बीच सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप राय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से भाटपार रानी के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। प्रदीप राय को 108 एम्बुलेंस से गोरखपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। श्रीरामपुर थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, जिस पेड़ से बाइक टकराई, वह सड़क से लगभग 1 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस हादसे में प्रदीप के साथ मौजूद 20 वर्षीय अभय प्रसाद (पुत्र राजेंद्र प्रसाद) की हालत ठीक बताई जा रही है।


