गुमला-लातेहार सबसे ठंडा जिला; 6.9°C है पारा:जमशेदपुर में 32 °C तक चला गया तापमान, 9 जिलों में हिमालय की हवाओं का असर

गुमला-लातेहार सबसे ठंडा जिला; 6.9°C है पारा:जमशेदपुर में 32 °C तक चला गया तापमान, 9 जिलों में हिमालय की हवाओं का असर

झारखंड में इन दिनों मौसम अपने दो अलग-अलग रूप में दिख रहा है। प्रदेश के किसी इलाके में 6 डिग्री के करीब पारा है तो कहीं 32 डिग्री वाली तेज धूप-गर्मी सता रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का कहना है कि मौसम के इस मिजाज की वजह से यह कहना आसान नहीं है कि इस साल गर्मी कितनी रहने वाली है। स्थिति ऐसी है कि गुमला में पूरे राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। यहां का मीनिमम टेंपरेचर 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इस वजह से सुबह की शुरुआत कड़ाके की सर्दी के साथ हो रही है। ठंडी हवा इतनी तेज है कि हल्की धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। सुबह घरों से निकलने वाले लोग सिर से पांव तक गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हो रही है, लेकिन सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार है। 9 जिलों में हिमालय की ठंडी हवाओं का असर मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार ठंड का असर मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम और मध्य जिलों में देखने को मिल रही है। पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला और गढ़वा जैसे जिलों में हिमालय की ठंडी हवा का असर साफ दिखाई दे रहा है। इन इलाकों में सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। शाम 4 बजे के बाद तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। लोगों को स्वेटर की जरूरत पड़ रही है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री तक और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री तक पहुंच रहा है। हालांकि अन्य जिलों में गर्मी की दस्तक साफ नजर आने लगी है। दिन में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। जमशेदपुर में सता रही है 32 डिग्री वाली गर्मी दूसरी ओर झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और दुमका में दिन में गर्मी का असर साफ है। यहां दोपहर में स्वेटर पहनने की जरूरत बिल्कुल नहीं पड़ रही। शाम 7 बजे के बाद हल्की शॉल काफी है। जमशेदपुर में भी यही हाल है। यहां न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 32 डिग्री दर्ज किया गया है। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है। रांची मौसम केंद्र के मुताबिक आज भी यही स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री तक रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर झारखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों दो तरह का नजर आ रहा है। रांची में अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क रांची और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। मौसम केंद्र के अनुसार 20 फरवरी तक सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहेगा, इसके बाद आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। तापमान की बात करें तो 17 और 18 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 12 और 13 डिग्री रह सकता है। 19 और 20 फरवरी को भी अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास बना रहेगा तथा न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *