जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने लगभग 2 हजार करोड़ रुपए का प्रस्तावित बजट तैयार कर लिया है, जिसे अगले सप्ताह पेश किया जाएगा। इस बार बजट में शहर के आधारभूत ढांचे और सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
जेडीए के अधिकारियों ने बताया कि पाली रोड के मोगड़ा क्षेत्र में विकसित की जा रही ट्रांसपोर्ट और ऑटोमोबाइल मार्केट योजना के बाद अब शहर में ग्रुप हाउसिंग स्कीम और तीन नई आवासीय योजनाएं लॉन्च की जाएंगी। इसके लिए सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी।
राव जोधा मार्ग बनेगा नया टूरिस्ट स्पॉट
मेहरानगढ़ किला से राव जोधा मार्ग तक के इलाके को नई रोशनी और आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। जेडीए इस मार्ग पर लाइटिंग, आधारभूत विकास और सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च करेगा। राज्य सरकार की ओर से बजट में शामिल किए जाने के बाद अब जेडीए इसे अपने बजट में शामिल कर यहां कार्य करवाएगा। यहां स्वागत द्वार, सड़क किनारे पाथवे, बैठने की व्यवस्थाएं, हरियाली और सजावटी संरचनाएं बनाई जाएंगी। इससे ‘नाइट टूरिज्म’ को भी बढ़ावा मिलेगा।
पहली बार अंडरपास भी बजट में शामिल
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए जेडीए ने बजट में पहली बार अंडरपास निर्माण योजना शामिल की है। शहर के दो प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट्स भाटी चौराहा और रोटरी बालाजी से जलजोग चौराहा तक अंडरपास बनाए जाएंगे। यह कदम न केवल ट्रैफिक प्रबंधन में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि शहरवासियों के दैनिक आवागमन को भी सुगम बनाएगा। राज्य सरकार ने इसे बजट में शामिल करने की स्वीकृति दे दी है और जेडीए दोनों अंडरपास का निर्माण अपने बजट के तहत शुरू करेगा।


