जोधपुर में पिल्ले के झगड़े में बहा खून, युवक के सीने में चाकू घोंपकर हत्या

जोधपुर में पिल्ले के झगड़े में बहा खून, युवक के सीने में चाकू घोंपकर हत्या

Jodhpur murder case: जोधपुर शहर के महामंदिर थानान्तर्गत भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे सोमवार देर रात खाना लेने आए एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। तीनों हत्यारे मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है। बाइक की चपेट में आकर घायल हुए पिल्ले को लेकर उपजे विवाद ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

वारदात में 3 आरोपी शामिल

थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि मूलतः उत्तर प्रदेश हाल बनाड़ रोड पर निजी अस्पताल के पीछे निवासी असलम (24) पुत्र हसन अली की हत्या की गई है। हत्या करने में तीन युवक शामिल थे। इनमें से दो जनों की पहचान मदेरणा कॉलोनी निवासी आमिर व अशफाक के रूप में की गई है। जिनकी तलाश की जा रही है।

खाना लेने आए थे मृतक व दो साथी

पुलिस का कहना है कि यूपी निवासी असलम व दो अन्य युवक बनाड़ रोड पर सैलून की दुकान चलाते हैं। देर रात तीनों युवक दो बाइक लेकर खाना लेने के लिए भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक कैटरिंग का काम करने वाले व्यक्ति की दुकान आए थे। दुकान पहुंचने से ठीक पहले भदवासिया ओवरब्रिज के नीचे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। पास एक पिल्ला घायल हालत में था। तीनों युवकों ने खाना लेने आए युवकों पर पिल्ले को बाइक से घायल करने का आरोप लगाया और इलाज के लिए रुपए मांगने लगे, लेकिन असलम ने बाइक से पिल्ले के चोट न आने से इनकार किया। इलाज के लिए रुपए देने से भी मना कर दिया।

तीनों युवक बाइक लेकर खाने वाली दुकान के आगे आ गए। तीनों युवक भी पीछे पीछे वहां आ गए और रुपए न देने पर झगड़ा करने लगे। असलम बाइक से नीचे उतरा तो आरोपी धक्का मुक्की करने लगे। इस दौरान एक युवक ने चाकू निकाला और असलम के सीने में चाकू से वार कर दिए। चाकू ह्रदय पर लगा और खून बहने लगा। यह देख आरोपी भाग गए।

आरोपियों की हुई पहचान

साथी युवकों ने खून से लथपथ घायल को संभाला और पावटा जिला अस्पताल लेकर आए। उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया, जहां असलम को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने परिजन व मिलने वालों को सूचित किया। पुलिस वारदात स्थल पहुंची और इस पास के लोगों व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से हत्यारों की पहचान व पकड़ने के प्रयास शुरू किए। तीन में से दो की पहचान आमिर व अशफाक के रूप में की गई है। इनके घरों पर छापे मारे गए, लेकिन वे नहीं मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *