भास्कर न्यूज | अमृतसर पुलिस ने 17 दिन के बाद इंदिरा कॉलोनी में मकान मालकिन की हत्या करने दोनों किराएदारों को काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा को नई दिल्ली में गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब क्षेत्र के नजदीक से 14 फरवरी को गिरफ्तार कियाहै । डीसीपी आलम विजय सिंह ने बताया कि 28-29 जनवरी की रात मजीठा रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी की वीना रानी (67) की हत्या कर दी गई थी। मृतका बिजली बोर्ड से रिटायर कर्मचारी थी। पुलिस ने मृतका के बेटे वरिंदर कुमार उर्फ बल्लू की शिकायत पर केस दर्ज किया था। मृतका के बेटे ने बताया था कि मां के साथ रहता था और घर के ऊपरी हिस्से में 2 किरायेदार गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा रह रहे थे। 28 जनवरी की शाम दोनों ने शिकायतकर्ता के साथ छत पर शराब पी और जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया। अगले दिन सुबह मां कमरे में मृत मिली और सामान बिखरा हुआ था, जिससे हत्या और चोरी की आशंका जताई गई। डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने नई दिल्ली में गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब क्षेत्र के नजदीक से दोनों आरोपियों को 14 फरवरी को काबू किया और अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर अमृतसर लाया गया। जहां माननीय अदालत ने 5 दिन का पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए सोने के गहने (4 अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके, एक चूड़ी), वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी की नीयत से हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।


