एक जिला एक उत्पाद कार्यशाला, युवाओं को स्वरोजगार, उद्योग लगाने के लिए प्रेरित किया

भास्कर संवाददाता| भीलवाड़ा राजकीय आईटीआई परिसर में ‘एक जिला एक उत्पाद-टेक्सटाइल प्रोडक्ट’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के युवा, उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार और उद्योग स्थापना के लिए प्रेरित करना तथा जिले के औद्योगिक विकास को गति देना था। जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त आयुक्त एवं महाप्रबंधक केके मीणा ने कहा कि औद्योगिक विकास राज्य की प्रगति का महत्वपूर्ण स्तंभ है और यह युवाशक्ति पर आधारित है। उन्होंने उद्योग स्थापना के लिए श्रम, पूंजी, भूमि, तकनीकी ज्ञान और सुदृढ़ परियोजना प्रतिवेदन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से युवा बिना कोलेटरल सिक्योरिटी के लोन और वित्तीय सहायता प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कार्यक्रम में अग्रणी मुख्य प्रबंधक ने बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं, अनुदान योजनाओं और उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। रीको के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एसके नैनावटी ने बताया कि युवाओं के लिए औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराने हेतु लैंड बैंक विकसित किया गया है, जिसमें ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी आवंटन किया जाता है। जिले में वर्तमान में 14 औद्योगिक क्षेत्र स्थापित हैं और नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास जारी है। अधिकारियों ने युवाओं से टेक्सटाइल क्षेत्र में नवाचार और निवेश बढ़ाने के लिए योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नवाचार और स्वरोजगार की संभावनाओं पर गहन चर्चा की और प्रेरणा प्राप्त की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *