शहर के कृष्णा को अमेजन से पौने तीन करोड़ का ऑफर, सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर के पद पर दी पोस्टिंग

शहर के कृष्णा को अमेजन से पौने तीन करोड़ का ऑफर, सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर के पद पर दी पोस्टिंग

रायपुर। सिविल लाइन निवासी एक युवक ने प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 28 वर्षीय कृष्णा वाधवानी को दुनिया की अग्रणी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने करीब पौने तीन करोड़ रुपए के वार्षिक पैकेज पर सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर के पद के लिए चयनित किया है। कंपनी ने उन्हें अपने मुख्यालय सिएटल (यूएस) में पोस्टिंग ऑफर की है।

एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद कृष्णा जून में इस पद को ज्वाइन करेंगे। वह वर्तमान में अमेरिका के प्रतिष्ठित शिकागो यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। कृष्णा के दादा आसुदाराम वाधवानी ने बताया कि शुरू से ही मेधावी रहे कृष्णा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। शुरुआती शिक्षा राजधानी के आरकेसी कॉलेज में हुई, जहां से उन्होंने मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार किया। इसके बाद उन्होंने मुंबई आईआईटी से एयरोस्पेस और कम्प्युटर साइंस में डिग्री हासिल की।

आईआईटी में पढ़ाई के दौरान ही उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए बहुराष्ट्रीय कंपनी सोनी ने जापान में जॉब ऑफर किया था। कृष्णा इन दिनों स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत स्पेन में मैनेजमेंट की इंटर्नशिप कर रहे हैं, जहां वे वैश्विक बिजनेस मॉडल और प्रोडक्ट स्ट्रेटेजी पर काम कर रहे हैं। इस अनुभव ने उनके प्रोफाइल को और मजबूत बनाया। अमेजन में इससे पहले वे इंटर्नशिप कर चुके हैं। इंटर्नशिप के बाद उनकी प्रतिभा को देखते हुए कंपनी ने उन्हें सीनियर प्रोडक्ट मैनेजर के पद पर जॉब ऑफर किया गया है।
….

पिता व्यवसायी, मां गृहिणी

कृष्णा के पिता महेश वाधवानी राजधानी में बिजनेस फैमिली से हैं, वहीं उनकी मां सविता गृहिणी हैं। परिवार के वरिष्ठ नागरिक आसुदाराम ने बताया कि न सिर्फ रायपुर बल्कि प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है। पोते ने अपनी प्रतिभा का लोहा विदेशों में मनवाया है।

छोटे शहर से बड़ी उपलिब्ध

परिवार के लोगों का कहना है कि कृष्णा ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों से निकलकर भी युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उल्लेखनीय है कि राजधानी में इससे पहले भी होनहार छात्र-छात्राओं को बेहतर पैकेज मिला है, लेकिन कृष्णा की इस उपलब्धि ने शहर में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *