बिहार के भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र में एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती, जो एक ऑर्केस्ट्रा समूह में डांसर के रूप में कार्यरत है, के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात युवती एक स्थानीय कार्यक्रम में प्रदर्शन के लिए आई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोगों ने उसे बहला-फुसलाकर अलग-थलग जगह पर ले गए। आरोप है कि आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और मारपीट कर उसके साथ क्रूरता से दुष्कर्म किया।रविवार सुबह युवती ने किसी तरह आरोपियों से छुटकारा पाकर पुलिस थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को विभिन्न गांवों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी ऑर्केस्ट्रा संचालक सहित उसके दो सहयोगी शामिल हैं।
एसडीपीओ जगदीशपुर राजेश शर्मा ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। सोमवार को पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा तथा मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने इस घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई तेज कर दी है


