शामली में फॉर्म-7 के जरिए नाम कटवाने का आरोप:सपा जिलाध्यक्ष ने दी तहरीर, बीएलओ और सुपरवाइजर पर कार्रवाई की मांग

शामली में फॉर्म-7 के जरिए नाम कटवाने का आरोप:सपा जिलाध्यक्ष ने दी तहरीर, बीएलओ और सुपरवाइजर पर कार्रवाई की मांग

शामली की शामली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से नाम कटवाने के कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। फॉर्म-7 के माध्यम से सैकड़ों मतदाताओं के नाम हटाने के प्रयास के आरोपों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कांधला थाने में बीएलओ, सुपरवाइजर और एक नामजद व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है। उनका आरोप है कि मतदाता सूची से सैकड़ों लोगों के नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म-7 भरे गए हैं। अशोक चौधरी के अनुसार, बूथ संख्या 330, 331, 333 और 334 पर सैकड़ों फॉर्म-7 एक ही व्यक्ति के नाम से भरे गए हैं। उनका दावा है कि सभी फार्मों पर खेड़ा खुरतान निवासी राजवीर सिंह के हस्ताक्षर हैं। फॉर्म-7 का उपयोग मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के लिए किया जाता है। सपा पदाधिकारियों का आरोप है कि यह उनके चिन्हित मतदाताओं के नाम सुनियोजित तरीके से हटाने की साजिश हो सकती है। बताया गया कि बीएलओ द्वारा फॉर्म वितरित किए जाने के बाद जब संबंधित मतदाताओं को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद सुपरवाइजर ने बीएलओ को उक्त फार्म वापस करने के निर्देश दिए। सपा के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का भी दावा है कि सभी फॉर्म-7 एक ही नाम से भरे गए हैं, जिससे मामले पर संदेह और गहरा गया है। अशोक चौधरी ने कहा कि उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रदेश कार्यालय को भी अवगत कराने की बात कही है, ताकि उच्च स्तर पर जांच सुनिश्चित हो सके। वहीं कांधला थाना अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी। फिलहाल इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं और स्थानीय स्तर पर मतदाताओं में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *