देशसेवा का जुनून लिए पुलिस लाइन ग्राउंड में उमड़ा युवा जोश, अग्निवीर भर्ती रैली में दिखी राष्ट्रभक्ति की मिसाल

देशसेवा का जुनून लिए पुलिस लाइन ग्राउंड में उमड़ा युवा जोश, अग्निवीर भर्ती रैली में दिखी राष्ट्रभक्ति की मिसाल

कटनी. झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली इन दिनों युवाओं की देशभक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की जीवंत तस्वीर पेश कर रही है। रैली स्थल पर सुबह से देर रात तक युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। हाथों में दस्तावेज, आंखों में सपना और दिल में देशसेवा का जुनून लिए हजारों युवा इस ऐतिहासिक मैदान पर अपनी किस्मत आजमाने पहुंच रहे हैं। कुल मिलाकर झिंझरी पुलिस लाइन ग्राउंड में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण की एक प्रेरक मिसाल बन गई है, जहां हजारों युवा अपने सपनों को हकीकत में बदलने और भारत माता की सेवा में अपना सर्वस्व अर्पित करने के संकल्प के साथ कदम बढ़ा रहे हैं।
14 फरवरी की रात आयोजित भर्ती चरण में कुल 762 युवाओं ने भाग लिया। इनमें सिंगरौली जिले से 70, मऊगंज से 216, सीधी से 292, मैहर से 168 तथा डिंडोरी जिले से 16 युवा शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण, मेडिकल जांच और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। भर्ती अधिकारियों के अनुसार, दूसरे दिन भी सुबह से ही युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं और भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ी।

यह चल रही है प्रक्रिया

भर्ती रैली में शामिल सभी युवा पहले ही सेना के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। इसके बाद अब अंतिम चयन की दिशा में उन्हें कठिन फिजिकल फिटनेस टेस्ट, स्वास्थ्य मानकों की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन से गुजरना पड़ रहा है। दौड़ ट्रैक पर पसीना बहाते युवा, मेडिकल काउंटर पर अनुशासन में खड़े अभ्यर्थी और जांच के दौरान आत्मविश्वास से भरे चेहरे यह स्पष्ट कर रहे हैं कि इनके लिए यह सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि देशसेवा का मिशन है। रैली स्थल पर युवाओं में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। कई अभ्यर्थी आधी रात को ही अपने जिलों से कटनी पहुंच गए, ताकि समय से पहले रिपोर्टिंग कर सकें।

agniveer

समयपालन पर विशेष जोर

ठंड और थकान के बावजूद युवाओं के हौसले डगमगाते नजर नहीं आए। भर्ती प्रक्रिया के दौरान सेना के अधिकारी भी युवाओं को लगातार मार्गदर्शन देते हुए अनुशासन और समयपालन पर विशेष जोर दे रहे हैं। अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल युवाओं ने बताया कि सेना की वर्दी पहनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना है। किसी ने कहा कि परिवार में पहली बार सेना में जाने का अवसर मिल रहा है, तो किसी ने बताया कि बचपन से ही देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा उन्हें इस रास्ते तक लाई है। युवाओं का कहना है कि अग्निवीर योजना ने उन्हें देशसेवा का सुनहरा अवसर दिया है, जिसमें चार वर्षों के अनुशासित सैन्य जीवन के साथ-साथ भविष्य के लिए नए रास्ते भी खुलते हैं।

इतने आमंत्रित हैं युवक

भर्ती अधिकारियों के अनुसार, कटनी में आयोजित इस अग्निवीर भर्ती रैली में कुल 15 जिलों के 5,374 सीईटी पास युवा आमंत्रित किए गए हैं। आगामी दिनों में सतना, जबलपुर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर सहित अन्य जिलों के युवाओं का भी फिजिकल और मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही महिला अग्निवीर अभ्यर्थियों के लिए भी अलग से प्रक्रिया निर्धारित की गई है। अग्निवीर भर्ती रैली केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का सशक्त मंच बनकर उभरी है। मैदान में गूंजते भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के बीच युवाओं का आत्मविश्वास यह संदेश दे रहा है कि आज का युवा देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर चुनौती स्वीकार करने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *