Sri Lanka vs Australia: पल्लेकल में खेले जा रहे ‘करो या मरो’ मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम सलामी बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद ऑलआउट हो गई है। उसने 78 रन के अंतराल में अपने 10 विकेट गंवा दिए।
Sri Lanka vs Australia Update: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 30वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के सामने 182 रन का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम इस मुकाबले में 20 ओवर में ऑलआउट हो गई। इस दौरान सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। यह तब हुआ, जब दोनों सलामी बल्लेबाजों ने तूफानी अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड की आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 9 ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा छू लिया था, लेकिन इसके बाद 78 रन के भीतर ऑस्ट्रेलिया के 10 विकेट गिर गए। श्रीलंका की ओर से दुषान हेमंथा ने तीन विकेट चटकाए, जबकि दुश्मंथा चमीरा ने दो विकेट झटके।
मार्श और हेड ने जड़ा अर्धशतक
इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती ओवरों में पिच गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हुई, लेकिन इसके बावजूद मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने तेज शुरुआत दिलाई। 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर ट्रेविस हेड 29 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। इस विकेट के गिरते ही ऑस्ट्रेलिया की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। अगले ओवर में कैमरन ग्रीन आउट हो गए, जबकि 11वें ओवर में मिचेल मार्श भी पवेलियन लौट गए। मार्श ने 27 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
इसके बाद 13वें ओवर में टिम डेविड, 17वें ओवर में ग्लेन मैक्सवेल, 18वें ओवर में जोश इंग्लिस, 19वें ओवर में कूपर कॉनॉली और 20वें ओवर में तीन विकेट गिरे। आखिरी ओवर में मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट और एडम ज़म्पा पवेलियन लौट गए। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 20 ओवर में सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जीत जरूरी
श्रीलंका की ओर से दुषान हेमंथा ने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि महीश तीक्ष्णा को एक सफलता मिली। इसके अलावा दुश्मंथा चमीरा ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए। दुनिथ वेलालागे और कमिंदु मेंडिस को भी एक-एक विकेट मिला। ऑस्ट्रेलिया को सुपर 8 में पहुंचने के लिहाज से यह मुकाबला हर हाल में जीतना बेहद जरूरी होगा।
Sports – Patrika | CMS


