mp news: मध्यप्रदेश के मंडला में एक बार फिर अवैध संबंधों के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र की है जहां 14 फरवरी को कूड़ामैली के पास मधुवन ढाबा के समीप मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने दो दिन के अंदर सुलझा लिया है। युवक की हत्या उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी लेकिन पुलिस की तफ्तीश में दोनों के जुर्म का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

ढाबे के पास मिला था शव
14 फरवरी को मधुवन ढाबा के पास एक युवक का शव मिला था। तफ्तीश के दौरान युवक की पहचान जबलपुर के रहने वाले सुमित काछी के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि सुमित का कुछ दिनों से पत्नी जमुना उर्फ कविता से विवाद हो रहा था। विवाद की वजह पत्नी कविता के सूर्यकांत नाम के शख्स से अवैध संबंध होना सामने आया। सूर्यकांत कविता के घर के पास ही स्थित मंदिर में पुजारी है और पति सुमित ने ही दोनों की जान-पहचान कराई थी।
सहारा देने के बहाने काटी गर्दन
जांच के दौरान पुलिस को मृतक सुमित की पत्नी पर शक हुआ और जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो सुमित की हत्या का सच सामने आ गया। पुलिस के अनुसार सुमित की पत्नी जमुना उर्फ कविता का पास के ही मंदिर के पुजारी सूर्यकांत से अवैध संबंध थे। पति सुमित को पत्नी और पुजारी के रिश्ते की भनक लग गई थी इसलिए दोनों ने मिलकर सुमित की हत्या की साजिश रची। 14 फरवरी को पत्नी कविता पति सुमित के साथ बाइक से मंडला की ओर निकली। ढाबे के पास सूर्यकांत पहले से ही मौजूद था। यहां पुजारी सूर्यकांत और सुमित के बीच विवाद हुआ और सूर्यकांत ने सुमित पर हमला कर दिया। घायल सुमित को पत्नी कविता ने सहारा देने का नाटक किया और पीछे से धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी। सुमित की हत्या करने के बाद आरोपी पत्नी ने लूट की झूठी कहानी रचकर पुलिस को गुमराह करने कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाई।


