मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने मासूम को कुचला, मौत

मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने मासूम को कुचला, मौत

-ट्रैक्टर चालक मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश

धौलपुर.मौत का दूत बन फर्राटा मारते ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक और मासूम की जान ले ली। मामला निहालगंज थाना क्षेत्र की मोहन कॉलोनी का है। जहां सोमवार शाम घर के बाहर खेल रही मासूम को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फेल गई तो लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

शहर के हाइवों से लेकर गली-मोहल्लों तक में फर्राटा मारते ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक लोगों में देखा जा रहा है। जो आए दिन किसी न किसी को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला मोहन कालोनी का है, जहां अपने घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही ६ वर्षीय जोया पुत्री फिरोज को तेज रफ्तार मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-टॉली ने कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रॉली के नीचे आ गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही बालिका ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ सहित निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहींए दुर्घटना में प्रयुक्त मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गली संकरी होने के बावजूद ड्राइवर तेज गति से वाहन चला रहा था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवासीय क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम जोया परिवार की इकलौती बेटी बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *