नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जमुनिया रावजी और मालखेड़ा गांव के बीच एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घर लौट रहा था युवक मृतक की पहचान मालखेड़ा निवासी आनंद (19), पिता दुले सिंह बंजारा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आनंद अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला अस्पताल नीमच ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कर रही वाहन की तलाश पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को नीमच जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके।


