श्रीगंगानगर. सूरतगढ़ रोड पर गांव महियांवाली के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही चूनावढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूरतगढ़ की ओर से एक कार आ रही थी। टोल नाके को देखकर कार चालक ने अचानक महियांवाली गांव की ओर रोड पर गाड़ी मोड़ दी। उसी दिशा में पीछे से आ रहा ट्रक चालक कार को बचाने के प्रयास में ट्रक को हाइवे से नीचे उतार बैठा। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक दलाराम देवली पुत्र हरीराम की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह देवली गांव का रहने वाला था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। महियांवाली के पूर्व पंच हंसराज भादू ने बताया कि ट्रक में सवार खलासी बुरी तरह केबिन में फंसा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चूनावढ़ थाने के एएसआई उदयभान ने प्रारंभिक जांच में कार चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है ताकि उन्हें घटना की सूचना दी जा सके। साथ ही कार चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
महियांवाली के पास दर्दनाक सड़क हादसा: कार चालक की लापरवाही से बेकाबू हुआ ट्रक, चालक की मौत


