मोहाली में कबड्डी टूर्नामेंट में पंजाबी सिंगर बब्बू मान के खुले अखाड़े में भीड़ बेकाबू हो गई। सिंगर मान बार-बार फैंस को समझाते रहे, लेकिन वह नहीं रुके। लाइव दिखा रहा कैमरा तक नीचे गिर गया। यह देख पंजाब पुलिस एक्शन में आ गई। मोहाली के SP ने माइक संभाल लिया। उन्होंने दो-टूक कहा कि अगर 5 मिनट में शांत न हुए तो प्रोग्राम बंद करा देंगे। सिंगर, पुलिस और टूर्नामेंट आयोजकों की मिन्नतों के बाद फैंस शांत हुए। मोहाली में ही कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान कबड्डी प्लेयर राणा बलाचौरिया की हत्या के बाद से पुलिस सवालों के घेरे में है। हाईकोर्ट इस मामले में पंजाब के DGP गौरव यादव तक को तलब कर चुका है, जिसमें कड़ी फटकार भी लगाई। सिलसिलेवार ढंग से जानिए, कैसे मचा बवाल शो शुरू होते ही कैमरों को लेकर हूटिंग: मोहाली के गांव बल्लोमाजरा में कबड्डी टूर्नामेंट चल रहा था। शनिवार रात यहां बब्बू मान लाइव परफॉर्म कर रहे थे। इस दौरान फैंस ने हूटिंग की कि उन्हें स्टेज साफ नहीं दिख रही है। अभी शो शुरू ही हुआ था। यह जानकर सिंगर बब्बू मान ने फैंस की डिमांड पर लाइव टेलीकास्ट कर रहे कैमरों को सामने से हटवा दिया। उन्होंने कैमरामैन को कहा कि वह साइड से एंगल बनाए। इसके बाद बब्बू मान ने आधे घंटे तक परफॉर्म किया। अचानक फैंस बेकाबू हुए, सिंगर बोले- मुश्किल से परमिशन मिली: इसके बाद अचानक फैंस बेकाबू हो गए। एक-दूसरे से धक्कामुक्की होने लगी। इससे व्यवस्था बिगड़ने लगी। यह देखकर बब्बू मान ने कहा कि बड़ी मुश्किल से परमिशन मिली है। सभी शांति बनाएं रखें, लेकिन फैंस नहीं माने। हालात हाथ से निकलते देखकर पुलिस अलर्ट हो गई। बब्बू मान को गाने से रोक दिया गया। SP ने माइक संभाला, चेतावनी दी मोहाली के SP मनप्रीत सिंह ने माइक संभाल लिया। उन्होंने स्टेज के नीचे से ही फैंस को सीधी चेतावनी दी। SP ने कहा- यह मेरी आखिरी चेतावनी है। अगर 5 मिनट में सब शांत नहीं हुए तो प्रोग्राम की परमिशन तुरंत कैंसिल कर दी जाएगी। लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा आया तो मैं किसी को नहीं बख्शूंगा। मान ने कहा- शांत रहोगे, तभी गाऊंगा इसके बाद बब्बू मान ने माइक संभालकर पुलिस अधिकारी को पंजाब की शान कहते हुए कहा कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। मान ने कहा कि SP हमारे बेहद खास हैं। उन्होंने मेरी बात मान ली है। अगर आप लोग अगले 20-24 मिनट शांति से रहे तो ही मैं आगे गाऊंगा। पुलिस की चेतावनी और बब्बू मान की अपील का फैंस पर असर पड़ा। वह शांत हो गए। जिसके बाद पुलिस की कड़ी हिदायतों के बाद मान ने प्रोग्राम शुरू किया। इसके बाद बब्बू मान ने गाना शुरू किया। जिसके बाद फैंस भी एंजॉय करते दिखे। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाबी सिंगर परमीश वर्मा फैंस से भिड़े, VIDEO:बीच शो मंच से थप्पड़ दिखाया, गाना रोककर बहस करने लगे; पुलिस ने बीच बचाव किया पंजाबी सिंगर और एक्टर परमीश वर्मा एक बार फिर विवादों में हैं। दिल्ली में एक लाइव शो के दौरान वो अपने फैन से भिड़ गए। गाते-गाते वो अचानक रुके और मंच से उसे थप्पड़ दिखाने लगे। इसके बाद दोनों में बहस बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस और परमीश वर्मा के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड को बीच-बचाव करना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाबी सिंगर बब्बू मान के शो में हंगामा:लाइव टेलीकास्ट वाला कैमरा गिरा; SP की वॉर्निंग- 5 मिनट में शांत न हुए तो परमिशन कैंसिल


