जौनपुर में गड्ढे में मिला बच्चे का शव:घर के बाहर खेलते समय गिरने की आशंका, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा

जौनपुर में गड्ढे में मिला बच्चे का शव:घर के बाहर खेलते समय गिरने की आशंका, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा

जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जदईपुर गोरा पट्टी गांव में रविवार को 5 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर बने सोख्ता गड्ढे में बच्चे का शव उतराया मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जदईपुर गोरा पट्टी निवासी मुख्तार शाह का छोटा बेटा सूफियान रविवार शाम करीब 6 बजे अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी देर तक आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीआरवी 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक तलाश अभियान चलाया, मगर बच्चे का पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूर एक सोख्ता गड्ढे में करीब 4 से 5 फीट पानी भरा मिला, जिसमें बच्चे का शव उतराया हुआ था। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि बच्चा खेलते समय गड्ढे में गिर गया होगा, जिससे डूबने से उसकी मौत हुई है। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *