सपा नेता की कार पर गिरा पोल, मौत:परिजनों ने नौकरी, 2 करोड़ मुआवजा और पेट्रोल पंप सीज करने की मांग की

सपा नेता की कार पर गिरा पोल, मौत:परिजनों ने नौकरी, 2 करोड़ मुआवजा और पेट्रोल पंप सीज करने की मांग की

प्रतापगढ़ के बाबूगंज बाजार में एक पेट्रोल पंप पर बोर्ड लगाते समय क्रेन से पोल गिरने से समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता लालबहादुर यादव की कार पर जा गिरा। इस हादसे में कार चला रहे लालबहादुर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मृतक के बेटे को सरकारी नौकरी, दो करोड़ रुपये का मुआवजा, पेट्रोल पंप को सीज करने और मालिक व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर नैन्सी सिंह, सीओ सिटी शिवनारायण वैस, एसओ अभिषेक सिंह सिरोही और शहर कोतवाल सुभाष यादव मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने परिजनों को उच्चाधिकारियों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। 45 वर्षीय लालबहादुर यादव प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में संडवाचंद्रिका रोड पर रहते थे। उनकी सीमेंट और कोयले की दुकान थी और वे ठेकेदारी भी करते थे। वे पूर्व में समाजवादी पार्टी से नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ चुके थे। रविवार दोपहर करीब पौने 12 बजे वे अपनी कार से शहर की ओर जा रहे थे। बाजार पार करते ही पेट्रोल पंप पर बोर्ड लगाने के लिए क्रेन से खड़ा किया जा रहा पोल अचानक पट्टा टूटने से उनकी कार पर आ गिरा। लालबहादुर अपनी सीट पर ही दब गए। आसपास के लोगों ने उन्हें कार से बाहर निकालकर सीएचसी संडवा चंद्रिका पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसा होते ही पोल उठा रहा चालक क्रेन छोड़कर भाग निकला, वहीं पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी ताला लगाकर फरार हो गए। पोल सड़क के दूसरे छोर तक गिरने से चिलबिला-अमेठी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर करीब आधे घंटे बाद यातायात बहाल कराया। सीओ सिटी शिवनारायण वैश्य ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर पेट्रोल पंप मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया और कहा कि मामले की जांच पड़ताल जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *