हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के अटेली कस्बे में लॉटरी का झांसा देकर एक बुजुर्ग से नकदी और सोने की अंगूठी ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में थाना अटेली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता सहजीतराम निवासी वार्ड नंबर 9, ताजपुर रोड अटेली मंडी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अटेली स्थित SBI बैंक से अपनी पेंशन के 30 हजार रुपये निकालकर घर की ओर जा रहा था। बैंक से कुछ दूरी पर पहुंचने पर दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और कनीना-कोसली का रास्ता पूछने लगे। बिस्कुट पर निकलता है इनाम इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने दूसरे से पूछा कि वह क्या बेचता है, जिस पर उसने बताया कि वह 10 रुपये का पारले-जी बिस्कुट बेचता है और उस पर इनाम भी निकलता है। पीड़ित के अनुसार पहले व्यक्ति ने एक पर्ची खरीदी, जिस पर 45 हजार रुपये की लॉटरी निकलने की बात कही गई। 45 हजार दिखाने को कहा इसके बाद आरोपियों ने सहजीतराम को भी लॉटरी निकालने के लिए कहा और उससे 45 हजार रुपये नकद दिखाने को कहा। उसके पास केवल 30 हजार रुपये थे, जो उसने दिखा दिए। आरोपियों ने कहा कि पैसे कम हैं और भरोसा दिलाने के लिए पहले व्यक्ति ने अपनी कथित सोने की अंगूठी उसे दे दी। सोने की दो अंगूठी भी ले गए इसके बाद आरोपियों ने उसकी सोने की अंगूठी भी देखने के बहाने ले ली और दोनों नकदी व अंगूठियां लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द पकड़ने और उसकी राशि व सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


