कैथल में आज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शहर में प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से हरियाणा में काटी जा रही वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड और ट्रेड डील का विरोध किया जाएगा और राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदर्शन की अगुवाई कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड करेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिया निमंत्रण विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिले के समस्त वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशी, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पूर्व ब्लॉक प्रधान, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एससी/ओबीसी/अल्पसंख्यक कांग्रेस, रिटायर्ड कर्मचारी कांग्रेस, लीगल सेल व अन्य संगठनों को निमंत्रण दिया गया है। लघु सचिवालय में होंगे इकट्ठे प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लघु सचिवालय में इकट्ठे होंगे। वहां पर जनसभा की जाएगी। इसके बाद सरकार के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए उपरोक्त मांगों को लेकर डीसी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। विधायक ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने साथियों सहित उपस्थित रहें।


