परीक्षा में रासेयो का स्थापना उद्देश्य व आदर्श वाक्य पूछे

धमतरी| बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना से संबंधित उनके ज्ञान का मूल्यांकन करना था। परीक्षा में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना, उद्देश्य, आदर्श वाक्य “नॉट मी बट यू”, संगठनात्मक संरचना, प्रमुख योजनाएं एवं गतिविधियां, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, मतदाता जागरूकता, रक्तदान शिविर, नशा मुक्ति अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आदि विषयों से संबंधित सवाल पूछे गए। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक प्रो. निरंजन कुमार द्वारा एक संवादात्मक प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय सेवा योजना अंतर्गत मनाए जाने वाले महत्वपूर्ण दिवसों जैसे- राष्ट्रीय युवा दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, मतदाता दिवस आदि के बारे में प्रश्न पूछे गए। साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना से संबंधित प्रमुख विभाग के प्रभारियों एवं अधिकारियों के नाम, योजना की वर्तमान संरचना तथा प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े प्रश्न भी किए गए। स्वयंसेवकों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एनएसएस ने उनमें समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ किया है तथा सेवा, समर्पण व सहयोग की भावना को विकसित किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *