गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम माहुद (बी) में तीन साल की दफन बच्ची प्रिया की कब्र खोदकर अज्ञात व्यक्ति ने उसका सिर गायब कर दिया। मामले की जानकारी होने के बाद से परिजनों में गुस्सा और गांव में दहशत है। कब्र के पास नींबू भी काटा और बंदन लगाया गया है। लोगों को तंत्र क्रिया करने का अंदेशा है। परिजनों ने पुलिस से बच्ची के शरीर पूरे अंग की मांग कर रहे हैं। इधर हल्दी चौकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भी कब्र की खुदाई कर शरीर के बाकी हिस्से को निकाला। उसे परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
चार माह पहले बच्ची की हुई थी मौत
लगभग चार माह पहले माहुद निवासी जितेंद्र साहू की बच्ची प्रिया का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया और उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम से कुछ दूर पर शव को दफन कर दिया था। रविवार सुबह ग्रामीण खेत तरफ गए तो देखा कि कब्र खोदी गई है। इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों व ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें :
सामूहिक विवाह में 163 जोड़ों ने जीवनभर साथ रहने लिए फेरे

घटना स्थल पर मांस के टुकड़े, नींबू व चंदन-बंदन मिला
ग्रामीणों व पुलिस को घटना स्थल पर मांस के टुकड़े व पान के पत्ते, कटा हुआ नींबू और बंदन मिला। इस सामग्री से ऐसा माना जा रहा है कि यह काम तंत्र क्रिया के लिए किया गया है।
घटना स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार व चौकी प्रभारी
सूचना पर हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू, नायब तहसीलदार हेमंत पैकरा भी घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों से पूरी जानकारी ली। अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किसने इस घटना को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें :
बालोद जिले में बोर्ड परीक्षार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन
गांव में सोमवार को होगी बैठक
ग्रामीणों के मुताबिक इस गंभीर मामले से दहशत है। दफन शव को निकालना व तंत्र मंत्र क्रिेया करने से ग्रामीण भी चिंतित हैं। इस पूरे मामले की जांच की भी मांग की जा रही है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को ग्रामीण स्तरीय बैठक का आयोजन किया।
बच्ची के पिता ने कहा – बच्ची के पूरे अंग चाहिए
बच्ची के पिता जितेंद्र कुमार ने पुलिस से कहा कि मुझे मेरी बच्ची के शरीर के पूरे अंग चाहिए। जिसने भी इस घटना को अंजाम दिया है उस पर कठोर कार्रवाई की जाए।
मामले की जांच की जा रही है
हल्दी पुलिस चौकी प्रभारी नंदकुमार साहू ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे कुछ कह पाएंगे।


