22 फरवरी से पुनः नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी
गोधरा. पंचमहाल जिले के पावागढ़ स्थित रोप-वे सेवा वार्षिक मरम्मत कार्य के कारण सोमवार से 21 फरवरी तक बंद रहेगी। यह सेवा 22 फरवरी से पुनः नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी।
पावागढ़ स्थित महाकाली मंदिर एक प्रमुख शक्तिपीठ के रूप में विख्यात है। यहां प्रतिदिन गुजरात के साथ-साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
पावागढ़ की पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए रोप-वे सुविधा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सुविधाजनक और लोकप्रिय माध्यम है। इस रोप-वे का संचालन ऊषा ब्रेको लिमिटेड की ओर से किया जा रहा है।
वर्ष में दो बार रोप-वे का नियमित मरम्मत कार्य
कंपनी की ओर से वर्ष में दो बार रोप-वे का नियमित मरम्मत कार्य किया जाता है ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में इस वर्ष भी तकनीकी जांच, मरम्मत और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के लिए रोप-वे सेवा छह दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रोप-वे बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को माता के दर्शन के लिए पैदल ही पावागढ़ पहाड़ी पर चढ़कर मंदिर तक पहुंचना होगा। प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि जो श्रद्धालु पहाड़ी चढ़ने में असमर्थ हैं, वे आगामी दिनों में पावागढ़ आने से परहेज करें। हालांकि मंदिर में दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रहेगी।


