रीवा शहर के वार्ड क्रमांक 8 आनंद नगर, नीम चौराहा क्षेत्र में पिछले करीब 70 वर्षों से रह रहे 52 परिवारों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने 10 दिनों के भीतर भूमि खाली करने का नोटिस जारी किए जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे तीन पीढ़ियों से यहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने अपने मकान बनाए, बिजली-पानी के कनेक्शन लिए और नियमित रूप से करों का भुगतान भी किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के दौरान और बाद में उन्हें भूमि का पट्टा दिलाने का आश्वासन दिया गया था। उनका कहना है कि नेताओं ने पट्टा दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अचानक मिले नोटिस से परिवारों में भय और असमंजस की स्थिति है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना पुनर्वास के हटाया गया तो वे आंदोलन करेंगे। उन्होंने बदले में विस्थापन की मांग की। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संबंधित भूमि शासकीय अभिलेखों में दर्ज है और अतिक्रमण हटाने की नियमित कार्रवाई के तहत नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि पात्र परिवारों के मामले में शासन स्तर पर पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर परीक्षण किया जाएगा। फिलहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है।


