मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 4 बजे महू-नीमच हाईवे स्थित चौपाटी क्षेत्र (रोड के राजा के सामने) पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दिनेश पिता भंवरलाल महाजन (57 वर्ष) निवासी पिपलिया जोधा और विमला बाई पति दिनेश महाजन (55 वर्ष) निवासी पिपलिया जोधा, थाना नाहरगढ़ के रूप में हुई है। दोनों पिपलिया की ओर जा रहे थे
बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी से पिपलिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने लापरवाहीपूर्वक उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार आरोपी रघुनंदन पिता राजकुमार नागदा, निवासी विषलवास, थाना वागन, जिला नीमच, अपनी अर्टिगा कार (क्रमांक MP 44 ZG 1773) से तेज गति में आ रहा था। लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसने स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सवार सड़क पर उछलकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। पति की मौके पर मौत, पत्नी ने अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिनेश महाजन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल विमला बाई को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस वाहन और टोल एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे राउंडअप कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पिपलियामंडी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


