भूल जाएंगे ‘लैला मजनू’! इम्तियाज अली लेकर आ रहे ‘हीर रांझा’, रोहित सराफ निभाएंगे लीड किरदार

Rohit Saraf In Imtiaz Ali Heer Ranjha: हिंदी सिनेमा में क्लासिक प्रेम कहानियों को नए अंदाज में पेश करने के लिए मशहूर फिल्मकार इम्तियाज अली एक और इमोशनल कहानी लेकर आ रहे हैं। खबर है कि उनकी लिखी फिल्म ‘हीर रांझा’ में अभिनेता रोहित सराफ मुख्य भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

रोहित सराफ ने अपने करियर की शुरुआत साल 2016 में आई फिल्म ‘डियर जिंदगी’ से की थी, जिसमें उन्होंने आलिया भट्ट के भाई का किरदार निभाया था। इसके बाद वो कई चर्चित फिल्मों में नजर आए और धीरे-धीरे युवाओं के बीच अपनी खास पहचान बनाई।

‘रांझा’ के किरदार में दिखाएंगे नया अंदाज? (Rohit Saraf In Imtiaz Ali Heer Ranjha)

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित को ‘हीर रांझा’ में रांझा की भूमिका के लिए चुना गया है। माना जा रहा है कि ये उनके करियर का अब तक का सबसे गहन और चुनौतीपूर्ण किरदार हो सकता है। फिल्म में हीर का रोल एक नई अभिनेत्री निभाएंगी, जिनका नाम फिलहाल गुप्त रखा गया है।

इस फिल्म का निर्देशन साजिद अली कर रहे हैं, जिन्होंने पहले ‘लैला मजनू’ का निर्देशन किया था। ‘लैला मजनूं’ भले ही रिलीज के वक्त बड़ी व्यावसायिक सफलता न पा सकी हो, लेकिन समय के साथ वो एक कल्ट रोमांटिक फिल्म के रूप में स्थापित हो चुकी है।

‘लैला मजनूं’ का दूसरा अध्याय? (Rohit Saraf In Imtiaz Ali Heer Ranjha)

निर्माताओं का मानना है कि ‘हीर रांझा’ उसी भावनात्मक दुनिया का अगला अध्याय होगी, जहां प्यार केवल आकर्षण नहीं बल्कि समर्पण और संघर्ष का प्रतीक बनकर सामने आएगा। फिल्म को पारंपरिक लोककथा की आत्मा के साथ आज के दौर की संवेदनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि नई पीढ़ी भी इस प्रेमकथा से जुड़ सके।

निर्माता एकता कपूर ने एक बयान में कहा कि इम्तियाज और साजिद प्रेम कहानियों को सच्चाई और गहराई के साथ प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उनका मानना है कि ये फिल्म देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक दर्शकों तक भी अपनी छाप छोड़ेगी।

रोहित के अब तक के करियर पर एक नजर

वर्कफ्रंट की बात करें तो रोहित हाल ही में फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में नजर आए, जिसमें उनके साथ जान्हवी कपूर, वरुण धवन और सान्या मल्होत्रा थे। इसके अलावा वो लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिसमैच्ड’ के चौथे और अंतिम सीजन में भी दिखाई देंगे, जहां वो ऋषि के किरदार को दोहराते नजर आएंगे। सीरीज में उनके साथ प्राजक्ता कोली डिंपल की भूमिका में हैं।

रोहित ने अपने करियर में ‘हिचकी’, ‘द स्काई इज पिंक’, ‘विक्रम वेधा’, ‘लुडो’ और ‘इश्क विश्क रीबाउंड’ जैसी फिल्मों में काम कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई है।

रिलीज डेट पर सस्पेंस

फिलहाल ‘हीर रांझा’ की रिलीज डेट सामने नहीं आई है और न ही कास्टिंग को लेकर औपचारिक पुष्टि हुई है। लेकिन शीर्षक की घोषणा के बाद से ही दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। अगर ये प्रोजक्ट उम्मीदों के मुताबिक आकार लेता है तो संभव है कि दर्शकों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक ऐसी प्रेम कहानी देखने को मिले, जो समय और सीमाओं से परे हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *