अशोकनगर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सराफा बाजार स्थित शिव गौरी मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शहर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। यह बारात शिव गौरी मंदिर से शुरू होकर सुभाष गंज, स्टेशन रोड, गांधी पार्क, मिलन तिराहा, विदिशा रोड, दुबे लॉज और लंबरदार मोहल्ला होते हुए राजराजेश्वर मंदिर की ओर बढ़ी। पूरे रास्ते ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। विदिशा रोड और स्टेशन रोड पर बारात देखने के लिए भारी भीड़ जमा रही। भूत-प्रेत का वेश धारण कर नाचे लोग विभिन्न स्थानों पर लोगों ने भगवान भोलेनाथ की आरती उतारी और बारात पर फूलों की वर्षा की। बारात में महिला-पुरुषों के साथ किन्नर भी नाचते हुए शामिल हुए। कुछ श्रद्धालुओं ने भूत-प्रेत का वेश धारण कर बारात की शोभा बढ़ाई। शहर के मंदिरों में रात तक पूजा-पाठ और अभिषेक का सिलसिला जारी रहा। कई स्थानों पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। चंदेरी में बच्चों ने भी निकाली बारात उधर, चंदेरी की पंचमनगर कॉलोनी में भी महाशिवरात्रि का उत्साह देखने को मिला। यहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शिव बारात निकाली, जिसका जगह-जगह पुष्प वर्षा और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। बाल कलाकारों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया।


